देहरादून: देहरादून में बंदरों के आतंक से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। नगर निगम द्वारा मार्च 2026 से चलाया जा रहा विशेष अभियान अब सफल साबित हो रहा है। निगम के अनुसार, बंदरों से संबंधित शिकायतों में करीब 90 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत प्रशिक्षित टीम नियमित रूप से उन क्षेत्रों में पहुंचती है जहां बंदरों की संख्या अधिक होती है। बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर शहर से दूर जंगलों में छोड़ा जाता है, ताकि वे दोबारा आबादी वाले इलाकों में न लौटें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल शिकायत मिलने का इंतजार नहीं करता, बल्कि लगातार निगरानी के आधार पर भी अभियान चलाया जाता है। इससे बंदरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है।
रेलवे स्टेशन, हनुमान चौक और खुरबुड़ा जैसे इलाकों में इस अभियान का सबसे अधिक लाभ देखने को मिला है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से भी अब पहले की तुलना में काफी कम शिकायतें मिल रही हैं, जो अभियान की सफलता को दर्शाता है।
नगर निगम ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में बंदरों की समस्या दोबारा बढ़ती है तो उसकी सूचना तुरंत निगम को दें। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
