रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी के शहीद स्थल पर शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर कड़ा विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा विवादों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है और वे मानसिक दबाव में हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद भर्ती प्रक्रियाएं धीमी गति से चल रही हैं। इससे रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं और शिक्षित युवा निराशा की स्थिति में पहुंच रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार सृजन बढ़ाने, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने और परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य व परामर्श सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी अपील की गई।
प्रदर्शन के अंत में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मसूरी को सौंपा गया।
