केदारनाथ धाम में इस समय लगातार बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। कठिन मौसम परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है।
धाम में तैनात पुलिस बल बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से कतारबद्ध कर सुगम दर्शन सुनिश्चित करा रहा है। भारी बर्फबारी के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जोश के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस दौरान दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। ठंड और बर्फबारी के बावजूद भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन को लेकर आस्था में लीन नजर आ रहे हैं।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने साथ पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े, बरसाती, जैकेट और आवश्यक दवाइयां अवश्य लेकर चलें, ताकि मौसम की चुनौतियों से सुरक्षित रहा जा सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और आगे भी लगातार निगरानी जारी रहेगी।
