संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश स्थित श्री देव सुमन विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रसंघ समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें पूरे परिसर में उत्साह और सांस्कृतिक रंगों की धूम देखने को मिली। कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री राम सिंह खेड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, चारु कोठारी, राज्य मंत्री तथा महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी के साथ फूलमालाओं से स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री राम सिंह खेड़ा ने कहा कि छात्रसंघ समारोह का इतने भव्य रूप में आयोजन अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार युवाओं और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
वहीं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि छात्रों में देखने को मिला उत्साह सराहनीय है। यह आयोजन युवाओं को नई दिशा देने और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का एक सशक्त मंच है। सरकार लगातार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रही है।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पूरे कैंपस में उत्सव जैसा माहौल रहा और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर आयोजन में भाग लिया।
यह कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक रूप से सफल रहा, बल्कि छात्रों के बीच आपसी सौहार्द और विश्वविद्यालय की परंपराओं को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ।
