केदारनाथ धाम यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। Kedarnath Temple की यात्रा पर आने वाले भक्तों की हर संभव मदद के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
यात्रा के दौरान कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहां पुलिस ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं की मदद की।
पहले मामले में असम के निवासी एक श्रद्धालु का बैग भीमबली के पास छूट गया था, जिसमें उनका कीमती मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान मौजूद था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैग को खोज निकाला और सुरक्षित वापस लौटा दिया। श्रद्धालु ने पुलिस की ईमानदारी और कार्यकुशलता की सराहना की।
दूसरी घटना में मंदिर परिसर में एक महिला और छोटा बच्चा भीड़ के कारण अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस ने तुरंत उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया और पीए सिस्टम व वायरलेस के माध्यम से सूचना प्रसारित कर कुछ ही समय में उनके परिजनों से मिलवा दिया। इस दौरान परिजनों की खुशी देखते ही बन रही थी।
तीसरे मामले में एक श्रद्धालु का मोबाइल फोन मंदिर परिसर के पास गुम हो गया था। ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड जवान रीना ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए मोबाइल फोन को बरामद कर श्रद्धालु को सौंप दिया।
वहीं, चौथे मामले में कानपुर से आई महिला श्रद्धालु का पर्स, जिसमें मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण सामान था, कहीं खो गया था। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों और अपने प्रयासों से पर्स को खोजकर सुरक्षित वापस किया।
इन सभी घटनाओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और जनसेवा के प्रति समर्पण को उजागर किया है।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—“आपकी सुरक्षित यात्रा ही हमारा ध्येय है।”
