देहरादून में Pushkar Singh Dhami ने सीएम घोषणाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और जिन घोषणाओं के शासनादेश अब तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें हर हाल में 15 जून 2026 तक जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क निर्माण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हर विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास स्थापित करने की दिशा में तेजी लाने को कहा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रघुनाथ मंदिर, लक्ष्मण मंदिर और सीता माता मंदिर को जोड़कर एक धार्मिक सर्किट विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
सीएम धामी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
