देहरादून में भीषण गर्मी के बीच लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। करनपुर क्षेत्र में पेड़ के नीचे पड़े सूखे पत्तों में लगाई गई आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, करनपुर स्थित लक्ष्मण भारती विद्यालय के पास एक मकान के केयरटेकर ने सूखे पत्तों में आग लगा दी। गर्मी और सूखे माहौल के कारण आग तेजी से फैल गई और पास के पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया, जिससे आसपास के मकानों में भी खतरा पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डालनवाला क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझ गई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की लापरवाही से बचें, क्योंकि छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
