रिपोर्ट: आसिफ इक़बाल
रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज में एक नन्हा हाथी का शावक अपने झुंड से बिछड़ा हुआ मिला। वन विभाग की नियमित पेट्रोलिंग के दौरान जब यह शावक अकेला दिखाई दिया, तो अधिकारियों को तुरंत इसकी जानकारी दी गई।
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर पहले शावक को उसकी मां और झुंड से मिलाने का प्रयास किया। कई घंटों तक जंगल में निगरानी रखी गई, लेकिन कोई भी हाथियों का झुंड उसके पास नहीं आया।
कॉर्बेट के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि शावक की उम्र करीब चार महीने के आसपास है। उसके शरीर पर मामूली चोटें भी मिली हैं, जिनकी जांच पशु चिकित्सकों द्वारा की जा रही है।
फिलहाल शावक को सुरक्षित स्थान पर क्वारंटीन में रखा गया है। वन विभाग की टीम उसकी देखभाल कर रही है ताकि वह पूरी तरह स्वस्थ रह सके।
अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में उसके प्राकृतिक परिवार का पता चलता है, तो उसे वापस जंगल में छोड़ने की कोशिश की जाएगी। यदि ऐसा संभव नहीं हुआ तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
