रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: नीति आयोग की नई रिपोर्ट में उत्तराखंड को मिली बेहतर रैंकिंग को लेकर प्रदेश सरकार उत्साहित है। सरकार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और सुशासन को प्राथमिकता देने का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
सरकार के मुताबिक उत्तराखंड ने पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य 11वें स्थान पर रहा है। इसे राज्य के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताते हुए सरकार ने कहा कि यह निरंतर विकास की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रमाण है।
रिपोर्ट में रोजगार के क्षेत्र में भी उत्तराखंड की स्थिति मजबूत बताई गई है। श्रम बल भागीदारी दर राष्ट्रीय औसत से काफी बेहतर दर्ज की गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है।
सरकार ने कहा कि उद्योगों को आसान ऋण सुविधा, निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियां और डिजिटल सेवाओं के विस्तार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। सिंगल विंडो सिस्टम के कारण निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है।
नवाचार, अनुसंधान और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन ने उत्तराखंड को नई पहचान दिलाई है। सरकार का कहना है कि भविष्य में भी राज्य विकास और निवेश के नए अवसरों को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
