रुड़की के कलियर क्षेत्र में करीब चार महीने बाद एक बार फिर हाथी की रिहायशी इलाके में एंट्री से लोगों में भय का माहौल बन गया।
सुबह कांवड़ पटरी मार्ग पर इमाम साहब और बिजली घर के पास हाथी टहलता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डर के कारण रास्ता बदलकर निकलते नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वही हाथी है जो पहले भी कई बार क्षेत्र में दिखाई दे चुका है और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाता है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति हाथी के पास जाने की कोशिश न करे और न ही किसी तरह की अफवाह फैलाए।
