संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की में मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद शेठ ने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 मई से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए और गलत या अपात्र नामों को चिन्हित कर हटाया जा सके।
जॉइंट मजिस्ट्रेट के अनुसार, पूरे अभियान को तीन चरणों में संपन्न किया जाएगा।
पहले चरण में संबंधित कर्मचारियों और बीएलओ (BLO) को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे प्रक्रिया को सही तरीके से समझ सकें।
दूसरे चरण में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यकतानुसार फॉर्म नंबर 6 और 8 भरवाकर जमा कराएंगे।
तीसरे चरण में नोटिस जारी किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि पूरा अभियान सरकारी कर्मचारियों और बीएलओ की निगरानी में पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सत्यापन अभियान के दौरान पूरा सहयोग करें। सही जानकारी देने से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होगी।
