संवाददाता: सचिन कुमार
जिला मुख्यालय में आयोजित समाधान दिवस में जनता की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कुल 194 शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को इनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कई अहम मुद्दे सामने आए, जिनमें बैंकिंग प्रक्रियाओं में लापरवाही, पारिवारिक विवाद और अवैध कब्जे जैसे मामले शामिल रहे। एक प्रकरण में बिना पात्रता जांच के ऋण स्वीकृत कर बाद में मकान नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित विभाग से जवाब मांगा।
वहीं, एक बुजुर्ग व्यक्ति ने शिकायत की कि उनके बेटे ने धोखे से संपत्ति अपने नाम करा ली और अब उनका भरण-पोषण नहीं कर रहा। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शहर में अवैध कब्जों की शिकायतों पर भी डीएम ने गंभीरता दिखाई और जांच के आदेश जारी किए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए। सड़कों की मरम्मत, पुलों की सुरक्षा, नदियों के चैनलाइजेशन और महिलाओं की सुरक्षा के लिए डार्क स्पॉट खत्म करने जैसे कार्यों में तेजी लाई जाए।
समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन जनता की समस्याओं को सुन रहा है, लेकिन इनका समयबद्ध समाधान ही इसकी असली सफलता तय करेगा।
