राजधानी देहरादून से सटे डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में गडूल-इठारना मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण अब ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी कर रहे हैं।
गडूल के प्रधान प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र रावत ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भी कार्य में अपेक्षित गति नहीं आई है। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनने वाली इस सड़क का कार्य ठेकेदार द्वारा लगातार लटकाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा भी सड़क निर्माण में देरी को लेकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है।
हाल ही में क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे राज्यमंत्री कर्नल अजय कोठियाल ने भी ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर काम होता हुआ दिखाई देना चाहिए।
प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़क पर उतरकर चक्का जाम जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क न होने से बच्चों की शिक्षा, मरीजों के अस्पताल पहुंचने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आवागमन में गंभीर दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में अब क्षेत्र की जनता सड़क निर्माण को लेकर निर्णायक लड़ाई लड़ने के मूड में नजर आ रही है।
