रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा निवासी दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई ईको कार के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है।
500 CCTV फुटेज खंगालकर सुलझाया केस
22 अप्रैल 2026 को दिल्ली निवासी बंटी ने अपनी ईको कार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और हरिद्वार से हरियाणा तक करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी टोल बैरियर तोड़कर फरार हुए थे, जिससे पुलिस को उनके मूवमेंट का सुराग मिला।
पानीपत से हुई गिरफ्तारी
लगातार ट्रैकिंग के बाद 29 अप्रैल को पुलिस ने पानीपत के गोहाना रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
खिलाड़ी निकले आरोपी, नशे के लिए करते थे चोरी
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी कबड्डी और ताइक्वांडो के खिलाड़ी हैं। नशे की लत और अपने शौक पूरे करने के लिए वे वाहन चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।
अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा
इस कार्रवाई से एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की तत्परता से पीड़ित को उसका वाहन वापस मिल गया, जिससे आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
