रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी-देहरादून मार्ग पर भट्टा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देहरादून से उत्तरकाशी की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह 5:15 बजे मिली सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 05:15 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर एक ट्रक खाई में गिर गया है और रेस्क्यू के लिए फायर यूनिट की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें
घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि ट्रक गहरी खाई में गिरा हुआ है, जिसमें दो लोग सवार थे। चालक अचेत अवस्था में मिला, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल था।
फायर सर्विस की टीम ने आपदा उपकरणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया और घायल को स्ट्रेचर से सुरक्षित बाहर निकाला।
SDRF और फायर टीम ने मिलकर किया रेस्क्यू
कुछ ही देर में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। SDRF और फायर यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल परिचालक को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
