संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के पास मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में शिवपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगा तट पर हुड़दंग मचाने, हुक्का पीने और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 9 पर्यटकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक वाहन को भी सीज किया गया है।
गंगा किनारे चलाया गया चेकिंग अभियान
शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगा किनारे विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान:
- 4 पर्यटक गंगा तट पर हुक्का पीते हुए पकड़े गए
- 3 पर्यटक नहाने के दौरान हुड़दंग मचाते मिले
- 2 पर्यटक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार किए गए
वाहन किया गया सीज
नशे में वाहन चला रहे चालक का वाहन भी पुलिस ने सीज कर दिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।
हरियाणा और यूपी के हैं पर्यटक
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी पर्यटक हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि गंगा तट की मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं श्वेता चौबे (एसएसपी टिहरी) ने अपील की है कि पर्यटक शराब पीकर वाहन न चलाएं और मां गंगा की पवित्रता और मर्यादा का सम्मान करें।
