रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
स्लग: यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए सड़कों पर उतरे सभासद
मसूरी में बढ़ते ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका के सभासद खुद सड़कों पर उतर आए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के निर्देश पर अधिकारियों, सभासदों और कर्मचारियों ने मिलकर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अभियान शुरू किया है।
शहर में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। मॉल रोड पर निर्धारित समय में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा, शहर के विभिन्न मार्गों पर वन-वे (एक मार्गी) यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए संविदा कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
शनिवार और रविवार को मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर पिक्चर पैलेस चौक पर अक्सर ट्रैफिक दबाव अधिक रहता है।
ऐसे में नगर पालिका सभासदों ने खुद मोर्चा संभालते हुए यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सभासद अमित भट्ट, सचिन गुहेर, गौरव गुप्ता और पर्यटन प्रभारी चंद्र प्रकाश बडोनी देर रात तक व्यवस्था संभालते नजर आए।
इन प्रयासों का असर भी देखने को मिल रहा है और शहर में वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है।
