संवाददाता: अरशद हुसैन
हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गैंगस्टर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गोकशी समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल बताए जा रहे हैं।
मंगलौर क्षेत्राधिकारी अभिनय ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस ने ग्राम कुमराड़ी निवासी सोनू उर्फ रहमान और अनीस को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कोतवाली प्रभारी भगवान महर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
