संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के पास मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में शिवपुरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 9 पर्यटकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये पर्यटक शराब के नशे में वाहन चला रहे थे, गंगा तट पर हुक्का पी रहे थे और हुड़दंग मचा रहे थे।
यह कार्रवाई मुनि की रेती क्षेत्र के शिवपुरी इलाके में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने किया।
चेकिंग के दौरान चार पर्यटक गंगा किनारे हुक्का पीते हुए, तीन पर्यटक स्नान के दौरान हुड़दंग करते हुए पकड़े गए, जबकि दो पर्यटक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने नशे में वाहन चला रहे चालक का वाहन भी सीज कर दिया है।
कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। पकड़े गए पर्यटक हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
वहीं एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और गंगा तट की मर्यादा बनाए रखें, ताकि दुर्घटनाओं और अव्यवस्था से बचा जा सके।
