रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। आंदोलन के पांचवें दिन कर्मचारियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री सत्येंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों ने पिछले कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर सरकार के सामने लगातार आवाज उठाई है। मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री को कई ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि उनकी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेकर एक सप्ताह का समय मांगा है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि अब केवल लिखित और ठोस निर्णय ही स्वीकार होगा।
कर्मचारियों की मांग है कि दैनिक वेतनभोगियों का मानदेय बढ़ाया जाए, लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए और नगर निगम में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए।
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक धरना जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन का विस्तार भी किया जा सकता है।
