रुड़की: दिल्ली में छात्रों से जुड़े घटनाक्रम को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने रुड़की के चंद्रशेखर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों के पक्ष में आवाज उठाई गई। प्रदर्शन में युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने सरकार से इस मामले में संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर देश का युवा पहले से ही परेशान है। ऐसे में छात्रों के साथ हुई घटना ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
जिला प्रवक्ता विजय शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल हमेशा युवाओं और छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी भविष्य में भी अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
