भीषण गर्मी और हीट वेव अलर्ट के बीच जहां एक ओर प्रशासन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क है, वहीं दूसरी ओर कुछ स्कूल खुलेआम आदेशों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी Nitin Bhadoria ने जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों का समय बदलते हुए सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए थे।
लेकिन जसपुर नगर के महुआडाबरा स्थित रामलाल सिंह चौहान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज द्वारा इन आदेशों को दरकिनार करते हुए स्कूल दोपहर 1 बजे तक चलाया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चे भीषण गर्मी में स्कूल के बाहर पेड़ों के नीचे खड़े नजर आए।
जब अभिभावकों ने देखा कि निर्धारित समय के बाद भी बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो वे स्कूल पहुंचे और वहां की स्थिति देख हैरान रह गए। बच्चों ने भी मीडिया से बातचीत में बताया कि आज भी उनकी छुट्टी 1 बजे हुई।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी करने की बात कही गई है। हालांकि यह पहला मामला नहीं है जब इस विद्यालय पर आदेशों की अनदेखी के आरोप लगे हों। पहले भी कई बार जुर्माना लग चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं आया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन की कार्रवाई इस बार असर दिखाएगी? और क्या स्कूल प्रबंधन बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देगा या फिर नियमों की अनदेखी जारी रहेगी।
