रिपोर्टर : धर्मेंद्र सिंह
लंबे समय से मसूरी में शटल सर्विस को लेकर चल रही कवायद अब पूरी होने जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद आज उप जिलाधिकारी द्वारा किंक्रेग स्थित कार पार्किंग का निरीक्षण किया गया और कल से शटल सेवा शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया गया।
पर्यटन नगरी मसूरी में टेंपो ट्रेवल्स और बड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह शटल सेवा शुरू की जा रही है। इसको लेकर पूर्व में कई बैठकों का आयोजन किया जा चुका है और अब पर्यटन सीजन के शुरू होते ही इसे लागू किया जा रहा है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जिलाधिकारी द्वारा शटल सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए थे और गज्जी बैंड के पास पार्किंग व अन्य व्यवस्थाएं भी तैयार की गई थीं, लेकिन विरोध के चलते योजना को स्थगित कर दिया गया था। अब एक बार फिर शहर की जरूरत को देखते हुए इसे लागू किया जा रहा है।
उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि बड़े मोड़ और किंक्रेग से शटल सेवा संचालित की जाएगी, जबकि लाइब्रेरी क्षेत्र में ड्रॉपिंग प्वाइंट बनाया जाएगा। यहां पर्यटकों को उतारकर वाहन वापस शटल प्वाइंट पर लौटेंगे। साथ ही बड़े टेंपो ट्रेवल्स वाहनों को निर्धारित कार पार्किंग में ही खड़ा किया जाएगा।
वहीं टैक्सी यूनियन के प्रधान सुमित ने बताया कि प्रशासन के आश्वासन के बाद शटल सेवा को लेकर सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस व्यवस्था से न केवल उनका रोजगार बढ़ेगा बल्कि शहर में लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
