रिपोर्टर: अरशद हुसैन
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में दो साधुओं की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं के शव जंगल में गड्ढे से बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शवों को छिपाने के उद्देश्य से उन्हें जमीन में दफनाया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के एक सेवादार ने दोनों साधुओं के लापता होने और अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मंदिर के पास जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों शव बरामद हुए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की समीक्षा की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी पर संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
