| रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने आज पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम में शहर की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया और शहर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
मसूरी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। उन्होंने माना कि शहर के कुछ क्षेत्रों में अभी भी विशेष कार्य करने की आवश्यकता है, जिस पर नगर पालिका लगातार काम कर रही है।
मीरा सकलानी ने कहा कि माल रोड मसूरी की आजीविका का मुख्य केंद्र है और इसे व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से पटरी व्यापारियों को हटाया गया, ताकि माल रोड की गरिमा बनी रहे और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
पालिका अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले एक वर्ष के भीतर मसूरी को नई पार्किंग सुविधा मिल जाएगी, जिससे जाम की समस्या में काफी हद तक सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराना उनका मुख्य लक्ष्य है। इसके साथ ही नालों और खालों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जा चुके हैं, ताकि भविष्य में आपदा जैसी स्थिति से बचा जा सके।
मीरा सकलानी ने बताया कि पिछले वर्ष आई आपदा से प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण सबक सीखे हैं। अब उन अनुभवों के आधार पर शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनका लगभग एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है और इस दौरान सिस्टम को समझना एक चुनौती रहा है। हालांकि, अब धीरे-धीरे व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही कई योजनाओं पर काम शुरू होगा।
