संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के सोत मोहल्ला में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि विभागीय टीम को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। इस घटना के बाद इलाके में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध और तेज होता नजर आ रहा है।
स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का हुआ विरोध
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के वार्ड नंबर 33 स्थित सोत मोहल्ला में बिजली विभाग की टीम अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। टीम के साथ विजिलेंस कर्मी भी मौजूद थे। जैसे ही इलाके में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की सूचना फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया।
जनप्रतिनिधियों ने भी दर्ज कराया विरोध
इस दौरान पार्षद हाजी फजलुर्रहमान, पार्षद संजीव राय ‘टोनी’, कांग्रेस नेता मोहम्मद मुबश्शीर और अनस अंसारी समेत कई स्थानीय नेताओं ने मौके पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों से वार्ता की। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना है, तो इसकी शुरुआत वार्ड नंबर 1 से होनी चाहिए, न कि सीधे वार्ड नंबर 33 से।
नारेबाजी और बढ़ा तनाव
विरोध के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। तनाव उस समय और बढ़ गया जब अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर निर्धारित योजना के तहत ही लगाए जाएंगे।
बिना मीटर लगाए लौटी टीम
काफी देर तक चले विरोध और गतिरोध के बाद विभागीय टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
हालांकि, बिजली विभाग का कहना है कि लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और आशंकाएं हैं, जिन्हें दूर करने के लिए संवाद किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि सहमति बनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ता विरोध बना चुनौती
रुड़की में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता विरोध अब प्रशासन और बिजली विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
