रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
उत्तराखंड के प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गश्त के दौरान एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, साथियों की सूझबूझ और बहादुरी के चलते कर्मचारी की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरखाल निवासी पीतांबर अपने तीन साथियों के साथ सर्पदुली रेंज में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान घने जंगल से निकले बाघ ने उन पर हमला बोल दिया। हमला इतना तेज था कि कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं।
साथी कर्मचारियों ने बिना घबराए तुरंत बचाव शुरू किया और काफी प्रयास के बाद पीतांबर को बाघ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उन्हें तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उपनिदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल कर्मचारी का हालचाल जाना और परिवार को विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉक्टरों ने बताया कि घायल के गले और शरीर पर गहरे पंजों के निशान हैं। हालांकि उनकी हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। वन विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
