रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: कांग्रेस विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का युवा अब बदलाव चाहता है। उन्होंने दावा किया कि देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं की भारी मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए कई तरह के प्रयास किए गए, लेकिन छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और राहुल गांधी के विचारों को सुना।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने आरोप लगाया कि सरकार ने सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर युवाओं को कार्यक्रम से दूर रखने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का कोई असर नहीं पड़ा।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उनके मुताबिक, रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर लोग सरकार से जवाब चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि यही माहौल बना रहा तो 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत वापसी करेगी और जनता परिवर्तन का फैसला करेगी।
