रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर में बाइक चोरी के बाद एक युवक को इंसाफ के लिए दर-दर भटकना पड़ा। युवक का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत तो ले ली, लेकिन न तो उसकी रिसीविंग दी और न ही मामले में समय रहते कोई कार्रवाई की। आखिरकार उसने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को युवक की बाइक मंगल बाजार के पास आरटीओ कार्यालय के सामने वाली गली से चोरी हो गई थी। बाइक की तलाश करने के बाद उसने तुरंत रामनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़ित का कहना है कि अगले कई दिनों तक वह अपनी शिकायत की स्थिति जानने के लिए कोतवाली जाता रहा, लेकिन हर बार उसे अलग-अलग जवाब देकर वापस भेज दिया गया। किसी अधिकारी ने तहरीर लेने वाले पुलिसकर्मी को बुलाने को कहा तो किसी ने दूसरे कर्मचारी के आने का इंतजार करने की बात कही।
युवक का आरोप है कि शिकायत की रिसीविंग न मिलने के कारण वह अपनी शिकायत की स्थिति भी नहीं जान सका। इससे परेशान होकर उसने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की।
मामले पर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत प्राप्त होते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।
