संवाददाता: आसिफ इक़बाल
उत्तराखंड के चंपावत में नाबालिग किशोरी से हुए कथित दुष्कर्म मामले को लेकर रामनगर में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि पीड़ित पक्ष को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं करती तो कांग्रेस राज्यभर में उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
