रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उत्तराखंड के जसपुर नगर में साप्ताहिक बाजार को दोबारा शुरू कराने की मांग अब तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बाजार स्थल के निरीक्षण के आदेश दिए जाने के बाद सब्जी विक्रेताओं ने उनका आभार व्यक्त किया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बाजार दोबारा शुरू होता है तो सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी।
मंडी चौक में वर्षों से लगने वाला यह साप्ताहिक बाजार स्थानीय लोगों और छोटे व्यापारियों की आय का मुख्य जरिया था। लेकिन उच्च न्यायालय के आदेश के बाद नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे बाजार पूरी तरह बंद हो गया।
व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई के बाद गरीब दुकानदारों का रोजगार छिन गया, जबकि बाजार स्थल पर अब वाहनों का कब्जा बना हुआ है।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि बाजार बंद होने के बाद उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया। कई दुकानदारों को कर्ज लेना पड़ा और कुछ को मजबूरी में अपना व्यवसाय बंद करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और छोटे व्यापारियों पर पड़ा है।
भाजपा नेता शीतल जोशी द्वारा मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बाजार की समस्या उठाने के बाद अब व्यापारियों में उम्मीद बढ़ गई है। विक्रेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन सकारात्मक फैसला लेता है तो बाजार फिर से गुलजार हो सकता है।
सभी व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि गरीब परिवारों के हित में साप्ताहिक बाजार को जल्द बहाल किया जाए।
