उत्तरकाशी: विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज मातली में चिकित्सा एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज एम.एम. सुल्तान रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया। विद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति और सरस्वती वंदना के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सचिन कुमार (सिविल जज) ने लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता, महिला सुरक्षा कानून, साइबर अपराध और नागरिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
शिविर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाना रहा।
