रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिल्ली रोड स्थित एक होटल के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार युवक पेशे से पेंटर था और एक युवती के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल स्टाफ ने बताया कि रात करीब 9 बजे के बाद दोनों अपने कमरे से बाहर नहीं निकले।
जब अगली सुबह चेकआउट का समय हुआ और कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो स्टाफ को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जवाब न मिलने पर होटल कर्मचारियों ने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ रुड़की ओशिन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई तो युवक और युवती के शव बेड पर पड़े मिले। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस ने युवक की पहचान नाथूखेड़ी निवासी के रूप में कर ली है और उसके परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं। वहीं युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार किसी भी थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज नहीं है।
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। फूड पॉइजनिंग या जहरीले पदार्थ के सेवन की भी आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—
इन सभी सवालों के जवाब अब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।
