रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून नगर निगम की चतुर्थ बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी है। बैठक के बाद महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।
महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि बैठक में सफाई कर्मियों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया है। अब सफाई कर्मचारियों के मानदेय में ₹800 की वृद्धि की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
इसके अलावा, शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और पब के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रस्ताव भी पास किया गया है। महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और शासन को पत्र लिखकर इन प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि बोर्ड बैठक में कुल 71 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 65 प्रस्ताव पार्षदों द्वारा और 6 प्रस्ताव नगर निगम के विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि धारा 91 के तहत भी कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए गए हैं।
नगर निगम के इन फैसलों को शहर के विकास और व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
