रिपोर्ट: अश्वनी दीक्षित
उधम सिंह नगर के सितारगंज में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम में बंगाली समुदाय के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के चलते बंगाली समुदाय के करीब 400 पट्टे निरस्त किए गए हैं, जिस पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
रविवार को पहली बार सितारगंज पहुंचे गणेश गोदियाल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर संगठनात्मक मंथन भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
गोदियाल ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक और मंत्री को बंगाली समुदाय के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके द्वारा बंगाली समाज के खिलाफ कोई पोस्ट नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस स्टेशन भी गए थे, और यदि आरोप सही हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था, अंकिता भंडारी हत्याकांड और काशीपुर के किसान आत्महत्या जैसे मुद्दों को भी उठाया।
कार्यक्रम में भुवन कापड़ी, गोपाल सिंह राणा, राजकुमार ठुकराल और नारायण पाल समेत कई नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और बंगाली समुदाय के समर्थन में अपनी बात रखी।
कांग्रेस नेताओं ने एक सुर में कहा कि बंगाली समाज के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस मुद्दे को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
