रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी-देहरादून मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अब बड़ी राहत मिली है। शिव मंदिर के पास दूसरे वैली ब्रिज के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है, जिससे पर्यटन सीजन के दौरान होने वाली भारी भीड़ को संभालना आसान हो गया है।
दरअसल, 16 सितंबर 2025 को आई आपदा में इस मार्ग पर स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते मसूरी का संपर्क अन्य क्षेत्रों से प्रभावित हो गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों से यहां पहले वैली ब्रिज का निर्माण किया गया, जिससे यातायात बहाल हुआ।
हालांकि, बढ़ते पर्यटक दबाव के चलते जाम की समस्या बनी रही। इसी को देखते हुए सरकार ने यहां एक और वैली ब्रिज के निर्माण का निर्णय लिया, जो अब पूरा हो चुका है और आम जनता को समर्पित कर दिया गया है।
इस उपलब्धि को लेकर मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या आम हो जाती है। ऐसे में दूसरे वैली ब्रिज का निर्माण बेहद राहतभरा कदम है।
संजय अग्रवाल ने बताया कि सरकार से अतिरिक्त ब्रिज बनाने का अनुरोध किया गया था, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए यह कार्य पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि अब पर्यटक और स्थानीय लोग बिना किसी परेशानी के आवाजाही कर सकेंगे और इस वर्ष पर्यटन सीजन में अधिक संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री द्वारा लगातार पुल का निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए, जिसके चलते यह परियोजना जल्द पूरी हो सकी।
सरकार के इस प्रयास को स्थानीय नागरिकों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
