संवाददाता: सागर रस्तोगी
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी पुलिस ने नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक कार को सीज कर उसमें सवार चार पर्यटकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने एक टाटा पंच कार को रोककर जांच की। वाहन में चालक सहित कुल चार पर्यटक सवार थे।
जांच के दौरान पाया गया कि कार चालक गजेंद्र नशे की हालत में वाहन चला रहा था। वहीं, अन्य तीन पर्यटक सार्वजनिक मार्ग पर शोर-शराबा और हुड़दंग मचा रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ चालान किया और वाहन को मौके पर ही सीज कर शिवपुरी चौकी परिसर में खड़ा कर दिया। साथ ही, तीनों अन्य युवकों को शांति भंग और सार्वजनिक उत्पात के आरोप में पुलिस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
