रिपोर्ट: भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल जिले में श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाइक और मैक्स वाहन की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे। इस हादसे में कुल 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें समय रहते रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचा दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्वाड़ और खिर्सू के बीच वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चौकी खिर्सू से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरे।
हादसे में मैक्स वाहन में सवार सात लोग—गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55) और गौतम सिंह (26), सभी निवासी पैठाणी—घायल हो गए। वहीं बाइक सवार गजेन्द्र सिंह (42), निवासी पाबौ, भी घायल हुआ है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
पुलिस का कहना है कि समय पर रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
