रिपोर्ट: सचिन कुमार
आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल केदारनाथ धाम में एक संदिग्ध युवक के पास से बंदूक जैसी वस्तु मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। घटना ने चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि रायबरेली निवासी युवक धाम में दर्शन के लिए पहुंचा था और एक टेंट में रुका हुआ था। युवक के सामान पर संदेह होने पर टेंट संचालक ने तुरंत पुलिस और LIU को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाशी ली, जिसमें बंदूक जैसी वस्तु और धारदार हथियार बरामद होने की बात सामने आई।
घटना के बाद धाम क्षेत्र में हलचल तेज हो गई। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धाम में लगातार सुरक्षा जांच होने के बावजूद ऐसी घटना सामने आना गंभीर विषय है।
केदारनाथ सीओ नितिन लोहनी के अनुसार, पुलिस की जांच में बरामद बंदूक खिलौना निकली है। युवक की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। वहीं बिना वैध पहचान पत्र के युवक को ठहराने वाले टेंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
हालांकि, पुलिस के दावों के बावजूद कई सवाल अब भी कायम हैं। यदि युवक के पास संदिग्ध वस्तु थी, तो वह यात्रा मार्ग की सुरक्षा जांच पार कर धाम तक कैसे पहुंच गया? और अगर पुलिस को सूचना स्थानीय स्तर पर मिली थी, तो इसे नियमित चेकिंग अभियान की सफलता क्यों बताया जा रहा है?
चारधाम यात्रा के दौरान रोजाना हजारों श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़े खतरे का कारण बन सकती है।
