पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी और बेटी जीवा धोनी के साथ मसूरी पहुंचे।
बताया जा रहा है कि उन्होंने विश्व प्रसिद्ध वुडस्टॉक स्कूल में बेटी जीवा के एडमिशन को लेकर स्कूल का जायजा लिया।
वुडस्टॉक स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन ने धोनी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस दौरान धोनी ने अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे वहां मौजूद लोग खासे उत्साहित नजर आए।
धोनी के मसूरी पहुंचने की खबर जैसे ही फैली, लाल टिब्बा स्थित होटल के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया।
स्थानीय लोग और पर्यटक ‘कैप्टन कूल’ की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे और उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही।
धोनी का यह दौरा बेहद गोपनीय रखा गया था और मीडिया को इसकी पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी।
हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उनके मसूरी पहुंचने की खबर तेजी से फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड से खास जुड़ाव रहा है। उनकी पत्नी साक्षी धोनी मूल रूप से यहीं की निवासी हैं और दोनों का विवाह भी देहरादून में ही हुआ था।
इसी वजह से धोनी अक्सर अपने खाली समय में उत्तराखंड, खासकर मसूरी का रुख करते हैं।
