उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लड़की पक्ष ने बारातियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह के दौरान दहेज और मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ गया। परिजन उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
पिता की मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। आरोप है कि उन्होंने कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ बारातियों ने अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप स्थित मकान की छत से कूदकर वहां से भागने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।
खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में दहेज और आर्थिक लेन-देन को लेकर होने वाले विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
