मुख्यमंत्री की “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मुहिम को सफल बनाने के लिए देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 519 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली सहसपुर पुलिस द्वारा गठित टीम ने 6 जून 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान शीतला नदी पुल से आगे जामनखाता रोड स्थित आम के बगीचे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 519 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी आशिक पुत्र हमीद निवासी खुशहालपुर, थाना सहसपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में गौकशी के मामले में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ सहसपुर थाने में गौकशी समेत अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
