उत्तराखंड में संगठन को मजबूती देने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के उद्देश्य से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का दो दिवसीय दौरा आज से शुरू हो गया है। इस दौरे को पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को देखते हुए।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आज देहरादून स्थित राजीव भवन (PCC कार्यालय) में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों की अहम बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देना भी है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसभाओं, बैठकों और विभिन्न आयोजनों का विस्तृत खाका तैयार किया जाएगा, ताकि दौरे को प्रभावी और सफल बनाया जा सके।
आज शाम करीब 4:00 बजे कुमारी शैलजा देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगी।
इस दौरान वह व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी, जिससे कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे।
दौरे के दूसरे दिन यानी 1 जून को कुमारी शैलजा पौड़ी गढ़वाल का दौरा करेंगी।
यहां वह ‘पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम’ की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगी और दोपहर 2:00 बजे कार्यक्रम स्थल का ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण भी करेंगी।
कांग्रेस पार्टी इस दौरे को संगठन में नई ऊर्जा भरने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने के रूप में देख रही है।
लगातार हो रहे राजनीतिक दौरों के बीच यह बैठकें पार्टी के लिए दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
