रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
जसपुर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेरोजगार युवाओं और छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जसपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झंडा चौक पर एकत्र होकर हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध स्वरूप पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं के भविष्य और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर के युवा लंबे समय से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ता सरदार अमृत सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।
कांग्रेस नगराध्यक्ष मोहम्मद नाजिम ने कहा कि यदि समय रहते भर्ती प्रक्रिया में सुधार नहीं किया गया तो युवाओं का सरकार पर भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कानून लागू करने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग दोहराई।
वहीं विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को हर मंच पर उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक निष्पक्ष परीक्षाएं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं होती, तब तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
