रुड़की: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी कड़ी में रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तहसील परिसर में धरना दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अपर तहसीलदार शुभांगी को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। यदि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे तो उन पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। नेताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर हुई कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, कथित दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। साथ ही पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। सरकार को छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें भरोसा दिलाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
