देहरादून: पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए देहरादून में परिवहन विभाग ने विशेष रात्रि चेकिंग अभियान शुरू किया है। आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में कई प्रमुख चौराहों पर देर रात तक वाहन जांच की गई।
विभाग की टीमों ने ओएनजीसी चौक, मोक्खोवाला, घंटाघर और आईएसबीटी क्षेत्र में अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रॉन्ग लेन और ड्रंक एंड ड्राइव जैसे मामलों पर विशेष फोकस रखा गया।
आरटीओ विभाग ने अभियान के दौरान 32 वाहनों के चालान किए और 11 वाहनों को सीज किया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
