देहरादून: पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने देहरादून में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महानगर कांग्रेस ने एस्लेहॉल चौक पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका और महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी लगातार आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है, जिसका असर सीधे बाजार में दिखाई दे रहा है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होने के बाद सरकार ने महंगाई बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।
