रिपोर्टर- अरशद हुसैन
रुड़की: झबरेड़ा थाना क्षेत्र स्थित Asahi Glass India में श्रमिकों की हड़ताल लगातार चौथे दिन भी जारी रही। अपनी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी कंपनी परिसर के बाहर धरने पर बैठे हैं। श्रमिकों का कहना है कि उन्हें 8 घंटे की ड्यूटी, उचित वेतन और श्रम कानूनों के अनुसार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले चार दिनों से लगातार धरने पर बैठे होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। श्रमिकों का कहना है कि वे तेज धूप में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
धरना स्थल पर पहुंचे झबरेड़ा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र ने श्रमिकों का समर्थन करते हुए कहा कि मजदूरों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और प्रबंधन को जल्द समाधान निकालना चाहिए।
श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
