रिपोर्टर- अरशद हुसैन
रुड़की: नगर पंचायत लंढौरा से निकलने वाला गंदा पानी थिथौला क्षेत्र में वर्षों से गंभीर समस्या बना हुआ है। लगातार जलभराव और गंदे पानी के खेतों में पहुंचने से किसानों की सैकड़ों बीघे फसल बर्बाद हो चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। गंदा पानी अब सड़क पर भी फैल रहा है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हाल ही में तहसील, चकबंदी और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीम ने स्थिति को गंभीर मानते हुए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।
अपर तहसीलदार सुभानी ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए ग्राम पंचायत और नगर पंचायत के बीच समन्वय बनाया जाएगा।
