Roorkee से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां गंभीर बीमारी से परेशान एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कासगंज-अलीगढ़ निवासी 32 वर्षीय हेम सिंह लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई ओम शंकर के साथ बाइक से इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स जा रहा था।
इसी दौरान मेहवड़-कलियर के बीच निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचने पर हेम सिंह ने टॉयलेट जाने की बात कहकर बाइक रुकवाई। कुछ ही देर बाद उसने अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी।
भाई ओम शंकर ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगनहर के तेज बहाव में युवक डूबकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जल पुलिस व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबे युवक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस और राहत टीम युवक को खोजने के लिए अभियान चला रही है।
